पटना में अपराधियों का तांडव! सड़क किनारे खड़े प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। मंगलवार देर रात रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान शुभम कुमार यादव के रूप में हुई है। वारदात भूपतिपुर ज्योतिष बाबा रोड पर हुई, जहां पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।


फोन पर बात कर रहा था युवक, तभी पहुंच गए बदमाश
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि शुभम सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक सवार बदमाश शुभम के पास रुके और अचानक उस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने शुभम पर लगातार चार गोलियां चलाईं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। स्थानीय लोगों ने घायल शुभम को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। रामकृष्णा नगर इलाके में हुई गोलीबारी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गोलीबारी की वजह अभी साफ नहीं
पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुभम कुमार को गोली लगी है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Share This Article