NEWS PR डेस्क:पटना: बिहार में आई आपदा के बीच राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर राहत कार्यों में सहयोग की अपील की गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों से मुख्यमंत्री राहत कोष में एक माह का वेतन देने की अपील की है।

चिराग पासवान ने लिखा कि आपदा किसी दल को देखकर नहीं आती। संकट की इस घड़ी में NDA परिवार के सभी दलों के सांसदों और विधायकों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक माह का वेतन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि LJP (रामविलास) का हर जनप्रतिनिधि इस पहल में शामिल है और वह स्वयं भी इसमें अपना योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने बिहार के सभी विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों से इस पहल में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि इस समय राजनीति से ऊपर उठकर बिहार के साथ खड़ा होने की जरूरत है।
बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों की ओर से लगातार योगदान दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 19 सितंबर को अपने एक माह के वेतन के रूप में 2.70 लाख रुपये का चेक राहत कोष में दिया था।