Chhath Puja 2026: गंगा घाटों पर तैयारियां तेज, CCTV और वॉच टावर से होगी निगरानी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर दानापुर में गंगा घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ व्रतियों की सुविधा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है। कहीं घाटों की साफ-सफाई हो रही है, तो कहीं बैरिकेडिंग और निगरानी के इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि इस बार श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

दानापुर के नासरीगंज स्थित फक्कड़ महतो घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही वॉच टावर का निर्माण भी कराया जा रहा है, जहां से प्रशासनिक कर्मी घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।
छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए निगरानी के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके अलावा गंगा घाटों तक पहुंचने वाले मुख्य मार्गों को भी आकर्षक रूप दिया जा रहा है। सड़कों के किनारे छठ महापर्व से जुड़ी तस्वीरें और आकर्षक चित्रकारी कराई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में छठमय माहौल दिखाई देने लगा है।

वहीं, नासरीगंज घाट से जुड़ी एक खास परंपरा के तहत मुख्यमंत्री स्टीमर से नासरीगंज से पटना सिटी तक गंगा किनारे स्थित छठ घाटों का निरीक्षण करते हैं। इस वर्ष भी संभावित मुख्यमंत्री निरीक्षण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए 5 नवंबर की संभावित तिथि बताई जा रही है। फिलहाल घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्य जारी हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।

Share This Article