भोजपुर में बाढ़ का कहर: बाइक समेत तेज धार में बहे तीन युवक, एक का शव बरामद; दूसरा अब भी लापता !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क ;— आरा भोजपुर जिले में बाढ़ के पानी के बीच डायवर्सन पार करने की कोशिश तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुई। शाहपुर-बनाही रोड पर छेर नदी के डायवर्सन को बाइक से पार करने के दौरान तीन युवक तेज धार की चपेट में आकर बाइक समेत नदी के पानी में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवक लापता हो गए थे।

हादसे के बाद शुरू हुई खोजबीन में लापता युवकों में से सचिन रवानी का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, दूसरे युवक संदीप रवानी की तलाश अभी जारी है। घटना के बाद से दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है!

बाढ़ के पानी में बाइक से डायवर्सन पार करने की कोशिश,

जानकारी के अनुसार, शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित शोभिटोला निवासी सचिन रवानी (21) और संदीप रवानी (20) मंगलवार दोपहर अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से रुद्रनगर गांव गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान तीनों छेर नदी के डायवर्सन पर पहुंचे।

डायवर्सन के ऊपर से उस समय बाढ़ का पानी तेज धार के साथ बह रहा था। इसके बावजूद तीनों युवकों ने बाइक से पानी पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक तेज बहाव ने बाइक समेत तीनों को अपनी चपेट में ले लिया और वे नदी के पानी में बह गए।

हादसा होते देख आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन सचिन और संदीप तेज धार में बह गए और उनका पता नहीं चल सका।

तलाश के दौरान सचिन का शव बरामद,

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों लापता युवकों की तलाश शुरू की गई। नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार चल रही खोजबीन के दौरान सचिन रवानी का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संदीप की तलाश में जुटी एसडीआरएफ,

वहीं, दूसरे लापता युवक संदीप रवानी की तलाश अभी जारी है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान तेज करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। नदी में तेज बहाव और बाढ़ के पानी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।

हादसे के बाद एक बार फिर बाढ़ के दौरान डायवर्सन और तेज बहाव वाले रास्तों से गुजरने के खतरे को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि बाढ़ के पानी में डूबे डायवर्सन या पुलिया को पार करने का जोखिम न उठाएं।

बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;—

Share This Article