NEWS PR डेस्क: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से बुधवार को राजभवन मार्च निकाला जा रहा है। मार्च में शामिल होने के लिए बेलागंज विधानसभा के पूर्व RJD प्रत्याशी और युवा नेता विश्वनाथ यादव अपने समर्थकों के साथ पटना रवाना हुए।

पटना रवाना होने से पहले सरकार पर हमला
पटना जाने से पहले मीडिया से बातचीत में विश्वनाथ यादव ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि बिहार की परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच लगातार असंतोष बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
‘एग्जाम पेपर लीक की राजधानी बन रहा बिहार’
विश्वनाथ यादव ने बिहार को “एग्जाम पेपर लीक की राजधानी” बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाता है।सीवान में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई और फायरिंग का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया।
‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री की ओर से की गई ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी टिप्पणी पर भी विश्वनाथ यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है और सरकार को उनके सवालों का जवाब देना चाहिए।
मीडिया की भूमिका पर उठाए सवाल
विश्वनाथ यादव ने मीडिया की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया का एक बड़ा हिस्सा जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के बजाय राजनीतिक दलों के प्रवक्ता की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं, युवाओं की मांगों और सरकार से जुड़े सवालों को सामने रखना मीडिया की जिम्मेदारी है।
छात्रों के मुद्दों पर RJD का आंदोलन जारी रखने का दावा
विश्वनाथ यादव ने कहा कि RJD पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों की मांगों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी। राजभवन मार्च के जरिए पार्टी सरकार के सामने शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों को रखने की तैयारी में है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट