NEWS PR डेस्क: दरभंगा: बिरौल थाना क्षेत्र में विद्यालय से परीक्षा देकर घर लौट रही किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों की ओर से 25 सितंबर को बिरौल थाने में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले को लेकर दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद बिरौल DSP और थाना प्रभारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई थी।
मोटरसाइकिल से किशोरी को ले जाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 23 सितंबर को किशोरी विद्यालय से परीक्षा देकर करीब तीन बजे घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। आवेदन में एक युवक की पहचान प्रविन्द मांझी, पिता जामुन मांझी, के रूप में बताई गई है, जबकि दूसरा युवक किशोरी के लिए अपरिचित बताया गया।
आरोप है कि प्रविन्द ने गांव जाने की बात कहकर किशोरी को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। किशोरी ने शिकायत में बताया कि रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ने जैसी स्थिति हुई और बाद में वह खुद को आरोपी के ननिहाल में पाई। शिकायत में उसके साथ दुष्कर्म और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
दरभंगा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दोनों को रोका था
शिकायत के मुताबिक, बाद में दोनों युवक किशोरी को लेकर दरभंगा रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां पुलिस की मौजूदगी में किशोरी ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस ने किशोरी और प्रविन्द मांझी को अपने कब्जे में लिया और उसके परिजनों को सूचना दी।
किशोरी के परिजनों ने आरोपी पक्ष के लोगों पर घर पहुंचकर गाली-गलौज करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में भी शिकायत में कार्रवाई की मांग की गई है। SSP जगुनाथ रेड्डी के अनुसार, पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आई कि किशोरी और युवक के बीच पहले से बातचीत होती थी और दोनों 22 सितंबर को घर से निकले थे।
23 सितंबर को दरभंगा रेलवे स्टेशन पर GRP थाना पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की थी और उनके माता-पिता को इसकी जानकारी दी गई थी। इसके बाद दोनों को PR बॉन्ड पर छोड़ा गया था।
25 सितंबर को FIR, दोनों आरोपी गिरफ्तार
SSP ने बताया कि 25 सितंबर को किशोरी के परिजनों ने अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए बिरौल थाने में आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दरभंगा से रवि झा की रिपोर्ट।
दरभंगा से रिपोर्टर: रवि झा