राजधानी पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान आज होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने को लेकर प्रशासन और पटना नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक पूरे मार्ग की विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है, जबकि समारोह स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और जलनिकासी की विशेष व्यवस्था की गई है।

गांधी मैदान में सफाई व्यवस्था का बड़ा प्लान
पटना नगर निगम की ओर से गांधी मैदान के अंदर और बाहर 300 से अधिक सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है। समारोह से पहले मैदान की साफ-सफाई के लिए करीब 40 सफाईकर्मी लगातार काम कर रहे हैं। वहीं कार्यक्रम के दौरान परिसर, शौचालयों और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर निगम ने इसके लिए 50 विशेष टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम में संबंधित वार्डों के सफाई निरीक्षकों के साथ सफाईकर्मियों को लगाया गया है।

बारिश से निपटने के लिए विशेष इंतजाम
मौसम को देखते हुए नगर निगम ने जलजमाव से निपटने के लिए भी खास तैयारी की है। निगम की ओर से 5 सुपर सकर मशीनें तैनात की गई हैं, जिनमें 4 मशीनें गांधी मैदान परिसर में रहेंगी। इसके अलावा रामगुलाम चौक पर 83 एचपी और 10 एचपी के तीन पंप सेट लगाए गए हैं। परिसर के अंदर 22 एचपी का एक पंप सेट, 10 एचपी के दो पंप सेट और 4 मिनी सकर मशीनें भी रखी गई हैं, ताकि बारिश होने पर पानी की तुरंत निकासी की जा सके।
आम लोगों के लिए पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था
शपथ ग्रहण समारोह में आम लोगों की भी एंट्री रहेगी। इसे देखते हुए पटना नगर निगम ने पेयजल और शौचालय की विशेष व्यवस्था की है। गांधी मैदान परिसर में 4 “निगम नीर” गाड़ियां और 8 वाटर टैंकर लगाए जाएंगे। इसके अलावा गेट संख्या 7 और 10 पर स्थित स्थायी प्याऊ से लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं महिलाओं की सुविधा के लिए 3 पिंक टॉयलेट और 5 लू कैफे स्थापित किए जाएंगे। गेट संख्या 7 के पास बने ग्रीन टॉयलेट की नियमित साफ-सफाई के लिए भी निगम कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।