पटना में चलती होंडा कार में लगी भीषण आग, बच्चे समेत 3 लोग बाल-बाल बचे

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती होंडा कार में अचानक आग लग गई। संतुष्टि गली के कॉर्नर के पास कार के इंजन वाले हिस्से से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते बोनट से आग की लपटें उठने लगीं।

कार के मालिक और चालक धर्मेश कुमार ने स्थिति भांपते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और नीचे उतरकर जांच की। उस वक्त कार में एक बच्चे समेत कुल तीन लोग सवार थे। आग की लपटें देखते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सबसे पहले कार में बैठे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
कार में आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। जिसके पास जो बर्तन मिला, उसमें पानी भरकर लोग कार पर डालने लगे। इसी दौरान घटनास्थल से सटे मकान के मालिक ने अपने घर के मोटर पाइप से पानी की तेज धार कार पर डालना शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि , कार में तीन लोग थे, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बेटी से मिलने जा रहे थे धर्मेश कुमार
वहीं कार मालिक धर्मेश कुमार ने बताया कि उनकी बेटी बोरिंग रोड स्थित डॉक्टर अनीता सिंह के यहां भर्ती है। वह अपनी पत्नी और नाती के साथ बुद्धा कॉलोनी से बोरिंग रोड जा रहे थे। धर्मेश कुमार के अनुसार, संतुष्टि गली के पास पहुंचते ही कार के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। उन्होंने गाड़ी रोककर नीचे उतरकर देखा तो कुछ ही देर में बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
कार मालिक के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों की तत्परता से कार में सवार तीनों लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Share This Article