NEWS PR डेस्क: पटना, 12 मई। समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने सोमवार को ICDS निदेशालय की समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग व्यवस्था और लाभुकों तक सेवाओं की पहुंच को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव एच. आर. श्रीनिवास और ICDS निदेशक ने विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा बैठक में ICDS से जुड़े सभी वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्देश दिया कि किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए अगले एक वर्ष का स्पष्ट लक्ष्य तय करने को भी कहा गया।
डॉ. श्वेता गुप्ता ने ICDS के लिए अलग से टोल फ्री नंबर जारी करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे लाभुकों और आम लोगों की शिकायतों एवं सुझावों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही विभाग में रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने मॉनिटरिंग प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने पर बल दिया ताकि योजनाओं का लाभ सही समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंच सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार सुनिश्चित किया जाए और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाए।