बिहार में छठ की धूम, नहाय-खाय से महापर्व का आगाज; सम्राट चौधरी और पीएम ने दी बधाई

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :पटना। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही बिहार सहित देशभर में छठ पूजा की रौनक दिखाई देने लगी है। गंगा घाटों से लेकर घरों तक छठी मैया के गीत गूंजने लगे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती पूरी श्रद्धा, पवित्रता और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे।

छठ महापर्व के पहले दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बिहारवासियों सहित देश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के प्रथम दिन नहाय-खाय के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे।”
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान
बता दें कि छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जा रही है। इस दिन व्रती स्नान कर स्वच्छता और पवित्रता के साथ पूजा की शुरुआत करते हैं। पारंपरिक रूप से अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार किया जाता है। भोजन बनाने से लेकर ग्रहण करने तक विशेष साफ-सफाई का ध्यान रखा जाता है।

पटना के दीघा घाट पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन
छठ महापर्व को लेकर पटना समेत बिहार के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। इसी बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह-सुबह पटना के दीघा घाट पहुंचे। उन्होंने गंगा में स्नान किया, घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने भी दी छठ की बधाई
वहीं छठ महापर्व की शुरुआत पर प्रधानमंत्री ने भी बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। देशभर में श्रद्धालु इस महापर्व को लेकर उत्साहित हैं। घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय के बाद खरना, फिर संध्या अर्घ्य और अंत में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा का समापन होगा। आस्था, अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देने वाला यह पर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है।

Share This Article