रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार पर बड़ा बयान, बोलीं- चाचा के घर खरना का प्रसाद खाने जाऊंगी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार में छठ महापर्व के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए उनके घर जाकर खरना का प्रसाद खाने की बात कही है। उनके इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

गुरुवार को छठ पर्व में शामिल होने पटना पहुंचीं रोहिणी आचार्य ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ काम करने की जरूरत है। नीतीश कुमार के घर जाने के सवाल पर रोहिणी ने कहा, “क्यों नहीं जाएंगे, वे मेरे चाचा हैं। छठ में खरना का प्रसाद खाने उनके घर जाऊंगी।”
सम्राट सरकार पर भी साधा निशाना
रोहिणी आचार्य ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सम्राट चौधरी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं। पुलिसकर्मियों पर भी हमले हो रहे हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा।

भाई वीरेंद्र के बयान से बढ़ी चर्चा
दरअसल, आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने हाल ही में बिहार की राजनीति में बड़ा खेला होने का दावा किया था। उन्होंने जेडीयू और बीजेपी के बीच कथित खींचतान की ओर इशारा किया था। हालांकि, दोनों दलों ने एनडीए में अनबन की अटकलों को खारिज किया है।
सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के साथ तस्वीर वायरल
रोहिणी आचार्य अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने भी पहुंची थीं। इस दौरान उनकी एक तस्वीर सामने आई, जिसमें वह सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के साथ एक ही सोफे पर बैठी नजर आईं। रोहिणी ने कहा कि वह छठ के लिए अपने माता-पिता के साथ रहने पटना आई हैं। हालांकि, नीतीश कुमार को लेकर दिए गए उनके बयान ने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Share This Article