NEWS PR डेस्क: पटना, 13 जून। बिहार में निवेश, औद्योगिक विकास और शहरीकरण से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और आधारभूत संरचना विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बिहार को औद्योगिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तय समय के भीतर पूरी की जाएं और प्रशासनिक बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए।

बैठक के दौरान उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि अधिग्रहण और निवेश परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। वहीं नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने शहरी विकास योजनाओं, टाउन प्लानिंग और भूमि उपलब्धता से जुड़े विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य में विकसित किए जा रहे नए औद्योगिक क्षेत्रों और सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने भूमि पहचान, हस्तांतरण और आधारभूत संरचना विकास के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
