NEWS PR डेस्क: पटना, 13 जून। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए उद्योग, निवेश और जनभागीदारी सबसे बड़ी ताकत बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में तेज गति से औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना विस्तार और नई टाउनशिप परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार देश की आर्थिक ताकत बनकर उभरेगा।
पटना स्थित बापू सभागार में जी बिजनेस द्वारा आयोजित “भरोसे के व्हाइस – पटना एडिशन” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को समृद्ध बनाने के लिए सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा, “24 घंटे में 20 घंटे हम सबको काम करना होगा। न खाएंगे, न खाने देंगे, न सोएंगे, न सोने देंगे, तभी बिहार समृद्ध होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग लगाने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है और अब उद्योग स्थापित करने के लिए 30 दिनों के भीतर क्लियरेंस देने की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि यदि 30 दिनों में आवेदन का निपटारा नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ स्वतः कार्रवाई और निलंबन तक का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में 6 लाख 25 हजार एकड़ भूमि पर 12 नई टाउनशिप विकसित की जा रही हैं, जिनमें करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इन टाउनशिप में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल पार्क भी विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित होगी उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा और आवेदन के बाद मुआवजे की राशि सीधे खातों में भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की विकास दर पिछले 20 वर्षों से डबल डिजिट में बनी हुई है और राज्य को केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार दुनिया का सबसे अधिक युवा आबादी वाला राज्य है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी कहा कि “भारत तभी विकसित होगा जब बिहार समृद्ध होगा।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आधारभूत सुविधाओं में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य के हर घर तक बिजली, सड़क और पानी जैसी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। आने वाले पांच वर्षों में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में बिहार आत्मनिर्भर होगा। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को बिजली सब्सिडी के रूप में राज्य सरकार करीब 23 हजार करोड़ रुपये दे रही है, जो देश में सबसे अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर भी सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि अब बिहार में अपराधियों को खुली छूट नहीं है। उन्होंने कहा कि “यदि कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है तो 24 से 48 घंटे के भीतर पुलिस जवाब देती है।” उन्होंने दावा किया कि समाज को सद्भाव और विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से बेहद समृद्ध राज्य है। उन्होंने राजगीर, बोधगया, वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व, विक्रमशिला विश्वविद्यालय, पुनौराधाम और सोनपुर हरिहरनाथ मंदिर समेत कई स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के बिहार भ्रमण की व्यवस्था लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने पटना के जेपी गंगा पथ और अन्य सड़क परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गंगा नदी पर 126 किलोमीटर लंबे नए पथ का निर्माण किया जा रहा है, जबकि सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ परियोजना पर भी काम होगा। उन्होंने कहा कि बिहार में तीन नए एक्सप्रेस-वे भी बनाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, जी बिजनेस के प्रबंध संपादक अनिल सिंघवी, च्वाइस इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कमल पोहार समेत बड़ी संख्या में उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
