NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 24 जून। आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधकों ने भाग लिया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। समीक्षा में पाया गया कि कुछ प्रखंड अपेक्षित उपलब्धि हासिल करने में पीछे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
विशेष रूप से बिरौल प्रखंड में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार कर्मियों को अंतिम चेतावनी जारी की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले आशा कर्मियों तथा अन्य संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान कुशेश्वरस्थान के सतीघाट क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की और उन्हें कार्य में निरंतरता बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 जून से 22 जून तक जिले में 15 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध 11 हजार 490 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जो कुल लक्ष्य का 75 प्रतिशत है। उन्होंने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में और अधिक प्रभावी रणनीति के साथ लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 जून तक 12 हजार नए आयुष्मान कार्ड हर हाल में बनाए जाएं। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में न्यूनतम 40 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में पात्र लाभार्थियों का शीघ्र कार्ड निर्माण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्रा, डीपीएम स्वास्थ्य, डीपीसी आयुष्मान भारत, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डॉ. रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
