NEWS PR डेस्क : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह महुआ विधायक संजय सिंह द्वारा आज महुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याओं एवं सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री संजय सिंह ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर आम जनता की सुविधा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा कई जागरूकता एवं प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए। इनमें दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी, शिक्षा, कृषि एवं सब्जी उत्पादन, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, जीविका, स्वरोजगार, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं सहित अनेक क्षेत्रों से जुड़े स्टाल शामिल थे। इन स्टालों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनका लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी समझाई गई।
मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण …
मंत्री संजय सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल शिकायतों का समाधान करना नहीं, बल्कि लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। जनता दरबार में उपस्थित अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों को समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जनता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है तथा सरकारी योजनाओं की सही जानकारी भी प्राप्त होती है।
