कैमूर के वीर सपूत शत्रुघ्न यादव को अंतिम विदाई, सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुआ पार्थिव शरीर

Shreya Raj
कैमूर के शहीद जवान शत्रुघ्न यादव के अंतिम संस्कार के दौरान सैन्य सम्मान देते जवान, तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई।

NEWS PR डेस्क: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी के बीच शत्रुघ्न यादव को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पूरा रामगढ़ ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

शहीद जवान के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और सैन्यकर्मी मौजूद रहे। जवान की शहादत से पूरा इलाका गमगीन नजर आया। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को विदाई दी। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले जमीन से जुड़े बकाया रुपये के विवाद में शत्रुघ्न यादव को कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया था। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित आर्मी कैंप अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

16 लाख रुपये के बकाये को लेकर विवाद का आरोप

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन से जुड़े करीब 16 लाख रुपये के बकाये को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते शत्रुघ्न यादव को दीपक यादव, बृजेश यादव समेत अन्य लोगों ने घर बुलाया और उनके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जवान की मौत की खबर गांव और आसपास के इलाकों में फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया।

दुर्गा चौक पर सड़क जाम, गिरफ्तारी की मांग

गुरुवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रामगढ़ के दुर्गा चौक पर घंटों सड़क जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। कैमूर एसपी शिखर चौधरी की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों और परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कैमूर से रिपोर्टर: ब्रजेश दुबे

Share This Article