गयाजी में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, मुखिया पर दबंगई और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप

जमीन का विवाद, अधिकारों की जंग—गयाजी में दबंगई पर उठे सवाल

Rashmi Tiwari

बिहार के गया जिले से जमीन विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मगध कॉलोनी चपरदा थाना मेडिकल क्षेत्र के निवासी निखिल कुमार और उनकी पत्नी नूतन सिंह ने स्थानीय मुखिया और उनके परिजनों पर दबंगई का आरोप लगाया है। पीड़ित दंपति का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर बाउंड्री निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसे औरवा पंचायत की मुखिया लालमणि देवी और उनके पुत्र मनीष सिंह, बच्चा सिंह सहित अन्य लोगों ने जबरन रोक दिया।
उन्हें जमीन से जबरन हटा दिया और काम रोक दिया
निखिल कुमार के अनुसार, उनकी पत्नी नूतन सिंह और बहन विभा रानी को उनकी माता गायत्री देवी ने परसवा पंचायत के धर्मशीह बीघा में 28-28.5 डिसमिल जमीन गिफ्ट की थी। यह जमीन खाता नंबर 86 और खसरा नंबर 795 के तहत दर्ज है। इसी जमीन पर वे चारदीवारी का निर्माण कर रहे थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 29 मई 2026 को मुखिया और उनके समर्थकों ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचकर उन्हें जमीन से जबरन हटा दिया और काम रोक दिया। इसके बाद 30 मई को उन्होंने जिला प्रशासन से शिकायत कर शांतिपूर्ण कब्जा दिलाने की मांग की, जिसके बाद सरकारी अमीन को जमीन की नापी का आदेश दिया गया।


हालांकि, आरोप है कि जब अमीन मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी काम करने से रोक दिया गया और वापस लौटा दिया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि मुखिया अपने पद का दुरुपयोग कर रही हैं और प्रशासनिक प्रक्रिया में बाधा डाल रही हैं। दंपति ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है, जबकि उनके पास जमीन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर शांतिपूर्ण तरीके से कब्जा दिलाया जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है, जबकि विवाद को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article