NEWS PR डेस्क: पितृपक्ष मेला के अवसर पर गया के फल्गु नदी स्थित देवघाट पर लेजर लाइट शो का शुभारंभ किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक के जरिए श्रद्धालुओं को गयाजी की धार्मिक, पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। शो में भगवान विष्णु के चरणचिह्न, फल्गु नदी का महत्व और माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान से जुड़ी धार्मिक कथा को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया। पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से शुरू हो रहा है और बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के गयाजी पहुंचने की संभावना है।
इन अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया लेजर शो का उद्घाटन
फल्गु देवघाट पर आयोजित कार्यक्रम में मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, गया के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार तथा पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से लेजर लाइट शो का उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शो की प्रस्तुति का जायजा भी लिया।
लेजर किरणों में दिखेगी पिंडदान और गयाजी की धार्मिक कथा
देवघाट पर शुरू किए गए शो में आधुनिक तकनीक के माध्यम से गयाजी की धार्मिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। श्रद्धालु लेजर किरणों के जरिए फल्गु नदी के महत्व, गयाजी में पिंडदान की परंपरा और भगवान विष्णु के चरणचिह्न से जुड़ी मान्यताओं को देख सकेंगे।
इसके साथ ही माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान की धार्मिक कथा को भी आकर्षक तरीके से दिखाया जाएगा। गयाजी में पिंडदान की परंपरा और फल्गु नदी से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं पितृपक्ष के दौरान विशेष महत्व रखती हैं।
श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनेगा लेजर शो
पितृपक्ष के दौरान गयाजी में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में फल्गु तट पर शुरू किया गया यह लेजर शो उनके लिए धार्मिक आस्था के साथ गयाजी की पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत को समझने का एक आकर्षक माध्यम बनेगा।
शाम के समय रोशनी और लेजर किरणों के जरिए होने वाली प्रस्तुति श्रद्धालुओं के अनुभव को और यादगार बनाएगी। पितृपक्ष मेले की तैयारियों में लेजर शो को श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष आकर्षण के रूप में पहले ही शामिल किया गया था।
आयुक्त और आईजी ने कहा- पितृपक्ष की तैयारियां पूरी
मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन और मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने कहा कि पितृपक्ष मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीर्थयात्रियों के आगमन को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इसी क्रम में देवघाट पर शुरू किया गया लेजर लाइट शो पिंडदानियों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। वहीं, पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि गयाजी केवल पिंडदान की भूमि नहीं, बल्कि सनातन धर्म की प्राचीन और महत्वपूर्ण तीर्थस्थली है।
उन्होंने कहा कि लेजर शो के माध्यम से धार्मिक और पौराणिक महत्व को आधुनिक तकनीक से श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार