कर्ज के बोझ में टूटी जिंदगी: सासाराम में ड्राइवर ने फांसी लगाकर दी जान

लोन की किस्त न चुका पाने का दबाव बना मौत की वजह

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

सासाराम | रोहतास जिले के सासाराम से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के बौलिया रोड स्थित बुद्ध मिशन स्कूल के पास की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पिकअप वैन की किस्त बनी वजह
मृतक की पहचान कन्हैया सेठ (40) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली जिले का रहने वाला था। वह पेशे से ड्राइवर था और हाल ही में उसने एक पिकअप वैन लोन पर ली थी। लेकिन किस्त नहीं चुका पाने के कारण फाइनेंस कंपनी ने वाहन जब्त कर लिया। इससे उसकी आमदनी का जरिया छिन गया और परिवार के भरण-पोषण का संकट गहरा गया। लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
किराए के कमरे में उठाया खौफनाक कदम
बताया जाता है कि कन्हैया बीते करीब 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ सासाराम में किराए के मकान में रह रहा था। सोमवार की सुबह वह घर से चाय पीने के लिए निकला और वापस आकर कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर बच्चों को शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा तो कन्हैया फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देख बच्चों के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाया।
पुलिस जांच में जुटी, सुसाइड नोट नहीं मिला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।कन्हैया अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सामने भविष्य की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article