NEWS PR डेस्क: पटना, 20 जून। बिहार में वज्रपात की घटनाओं ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया है। वैशाली, नवादा और जमुई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि नवादा और जमुई में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार तत्काल चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों एवं घरों के भीतर रहें।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान बिहार में वज्रपात की घटनाएं अक्सर जान-माल का नुकसान पहुंचाती हैं। ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दे रहा है।
