नीट परीक्षा से पहले NTA की बड़ी लापरवाही, अभ्यर्थी को मिला विदेश का सेंटर

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा से ठीक एक दिन पहले परीक्षा केंद्र आवंटन में कथित गड़बड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के नागपुर के एक अभ्यर्थी को भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया, जिससे छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई। घटना सामने आने के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब ने शुक्रवार शाम अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र के रूप में अबू धाबी स्थित एक स्कूल का नाम दर्ज था। छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि परीक्षा केंद्र देखकर परिवार पूरी तरह हैरान रह गया, क्योंकि आवेदन के दौरान उन्होंने विदेश में किसी भी परीक्षा केंद्र का विकल्प नहीं चुना था। परिवार का कहना है कि आवेदन भरते समय छात्र ने पहली पसंद नागपुर, दूसरी वर्धा और तीसरी भंडारा चुना था।
20 जून 2026 शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा
परिवार ने तुरंत NTA हेल्पलाइन से संपर्क किया। हेल्पलाइन की ओर से उन्हें ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। शिकायत भेजने के बाद NTA अधिकारियों ने परिवार से संपर्क कर आश्वासन दिया कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। मोहम्मद तालिब के अनुसार, ईमेल भेजने के बाद NTA की ओर से फोन आया और बताया गया कि शनिवार यानी कि 20 जून 2026 शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा
NTA ने सफाई देते हुए कहा कि समस्या का समाधान कर लिया गया है।
छात्र के पिता के अनुसार, आवेदन के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र के लिए महाराष्ट्र के तीन जिलों का चयन किया था और उनकी मांग थी कि केंद्र नागपुर में ही आवंटित किया जाए ताकि परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। मामले के मीडिया में आने के बाद NTA ने सफाई देते हुए कहा कि समस्या का समाधान कर लिया गया है। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी को अब नागपुर में ही परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है।
परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में कराई जाएगी
गौरतलब है कि NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में कराई जाएगी। इसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए दो लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। NTA ने सभी अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article