NEWS PR डेस्क: परभणी, 20 जून। महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिसके कारण कई लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान गर्भगृह के सामने बन रहे सभा मंडप का करीब 15 फीट लंबा और 15 फीट चौड़ा स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, मलबे में 20 से 40 लोगों के फंसे होने की आशंका है। कई घायलों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है, जबकि कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और आपदा राहत दलों को मौके पर तैनात किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गईं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजने की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन लगातार बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।
वहीं, जिले की संरक्षक मंत्री मेघना बोर्डीकर ने घटना का संज्ञान लेते हुए आवश्यक संसाधन और प्रशासनिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना फिलहाल सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हादसे के कारण पूरे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ नहीं लगाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
