औरंगाबाद,जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में कुल 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 4 महिलाएं, एक बच्चा और 7 पुरुष शामिल हैं।यह हादसा धावा नदी पुल के समीप उस समय हुआ, जब सभी यात्री रफीगंज बाजार से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 9 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करता है। प्रशासन से लोगों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने की अपेक्षा है।
औरंगाबाद से रूपेश की रिपोर्ट