NEWS PR डेस्क : बिहार के प्रशासनिक महकमे से इस वक्त की बड़ी खबर है। वित्त विभाग में सचिव (व्यय) के पद पर बदलाव हुआ है। निवर्तमान सचिव रचना पाटिल को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवनियुक्त सचिव (व्यय) कँवल तनुज का स्वागत किया गया। वहीं, रचना पाटिल अब बिहार के राज्यपाल की सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
17 नवंबर को बिहार वित्त विभाग के सभागार में इस अवसर पर एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने निवर्तमान सचिव रचना पाटिल को सम्मानपूर्वक विदाई दी और नए सचिव कँवल तनुज का स्वागत किया।
समारोह की अध्यक्षता वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने की अपने संबोधन में उन्होंने दोनों अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रधान सचिव ने रचना पाटिल के कार्यकाल की विशेष रूप से सराहना की ,
उन्होंने कहा कि रचना पाटिल ने पूरी उदारता, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके कार्यकाल में लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण संचिकाओं का तेजी से निष्पादन सुनिश्चित हुआ। इसके अलावा, कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेकर उन्होंने वित्त विभाग के सुचारू संचालन में अहम योगदान दिया।
प्रधान सचिव विनय कुमार ने नवनियुक्त सचिव (व्यय) कँवल तनुज का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विभागीय कामकाज को नई गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सचिव अपनी प्रशासनिक क्षमता और अनुभव से विभाग के कार्यों को और प्रभावी बनाएंगे।
वहीं, विदाई समारोह में रचना पाटिल ने वित्त विभाग में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग में काम करना उनके लिए बेहद गौरवपूर्ण और सीखने वाला अनुभव रहा है। उन्होंने अपने सहकर्मियों और अधीनस्थ अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग में सकारात्मक माहौल और बेहतर टीम वर्क के कारण ही कठिन लक्ष्यों को समय पर पूरा करना संभव हो सका।
रचना पाटिल ने कहा कि उन्हें अपने सहयोगियों से काफी कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने सभी के सामूहिक प्रयासों को विभाग की उपलब्धियों का आधार बताया। साथ ही, नवनियुक्त सचिव कँवल तनुज को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विभाग के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि रचना पाटिल अब बिहार के राज्यपाल की सचिव के पद पर कार्यरत रहेंगी। वहीं, कँवल तनुज वित्त विभाग में सचिव (व्यय) की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस मौके पर विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। समारोह में एक ओर रचना पाटिल के योगदान को याद किया गया, तो दूसरी ओर नए नेतृत्व के साथ वित्त विभाग में नई शुरुआत का संदेश भी दिया गया।
