पूर्व राज्यसभा सांसद आर. के. सिन्हा को संजय सरावगी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- उनका योगदान सदैव याद रहेगा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद आर. के. सिन्हा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत नेता के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

संजय सरावगी ने अपने शोक संदेश में कहा कि आर. के. सिन्हा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद, पीड़ादायक एवं मर्माहत करने वाला है। उनका जाना न केवल भारतीय जनता पार्टी, बल्कि पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और संगठन के कार्यों के प्रति समर्पित रखा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आर. के. सिन्हा जी का स्नेह, अनुभव और मार्गदर्शन सदैव संगठन के कार्यकर्ताओं को मिलता रहा। संगठन के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व हमेशा स्मरण किया जाता रहेगा। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में अनेक लोगों को प्रेरित किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सरावगी ने कहा कि उनके निधन से उत्पन्न शून्य की भरपाई करना कठिन है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Share This Article