पटना में पुलिसकर्मियों के लिए लगा ऑर्डरली रूम, अधिकारियों ने सुनी जवानों की समस्याएं

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अब अपने जवानों के कामकाज और अनुशासन पर भी सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय में ‘लाइन डे’ का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं, विभागीय मामलों, अनुशासन और ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जवानों की समस्याओं और छुट्टी के आवेदनों पर सुनवाई
लाइन डे के दौरान ऑर्डरली रूम और अनुरोध कक्ष के माध्यम से पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने जवानों के कल्याण से जुड़े मामलों, अनुरोधों और अवकाश आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों का होगा समाधान
बैठक में फील्ड में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। ड्यूटी के दौरान जवानों को जिन व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, उनका मौके पर ही समाधान करने पर जोर दिया गया।

लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता या उदासीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पटना यातायात पुलिस का कहना है कि जवानों का कल्याण और विभागीय अनुशासन दोनों प्राथमिकता हैं। इसके साथ ही राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Share This Article