MS Dhoni Retirement: IPL में खत्म हुआ माही का सफर,CSK ने सौंपी नई जिम्मेदारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : क्रिकेट के मैदान पर हेलीकॉप्टर शॉट से गेंदबाजों के होश उड़ाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब पीली जर्सी में खेलते नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे बड़े चेहरे और करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के चहेते माही अब खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल को अलविदा कहने जा रहे हैं। आईपीएल 2027 से पहले CSK ने धोनी को टीम का मेंटर नियुक्त करने का ऐलान किया है। यानी अब मैदान पर छक्के लगाते नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में युवा खिलाड़ियों को जीत का मंत्र देते नजर आएंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स की सह-मालकिन रूपा गुरुनाथ ने धोनी की नई भूमिका की पुष्टि करते हुए कहा कि वह आगे भी CSK परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि धोनी का अनुभव और विशेषज्ञता टीम के लिए बेहद अहम है। खासकर ऐसे समय में, जब फ्रेंचाइजी बदलाव के दौर से गुजर रही है और टीम में कई युवा खिलाड़ी शामिल हैं। उनका मार्गदर्शन अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ रिश्ता साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से शुरू हुआ था। उनकी कप्तानी में CSK ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा टीम ने दो बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता। आंकड़ों की बात करें तो धोनी ने अपने आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए। इसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, CSK के लिए उन्होंने 272 मैचों में 5,314 रन बनाए।

CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद किया। उन्होंने कहा कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। गौरतलब है कि धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। अब आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में उनका सफर खत्म होने के साथ ही एक युग का अंत माना जा रहा है। हालांकि, माही का क्रिकेट से रिश्ता अभी खत्म नहीं हुआ है।

Share This Article