बिहार सरकार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए राज्यभर में अंचल और राजस्व प्रशासन को नई दिशा देने की पहल की है। विभाग ने 90 राजस्व अधिकारियों (RO) का तबादला किया है, जबकि कई अंचल अधिकारियों (CO) को भी नए अंचलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कदम का उद्देश्य भूमि विवादों के त्वरित निपटारे और राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना बताया गया है।

बिहार में राजस्व विभाग का बड़ा फेरबदल
बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर अधिकारियों का तबादला किया है। विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत 90 राजस्व अधिकारियों (RO) का स्थानांतरण किया गया है। इसके साथ ही कई अंचल अधिकारियों (CO) को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का लक्ष्य अंचलों में लंबे समय से लंबित भूमि विवादों का जल्द समाधान करना है।

आदेश की प्रति मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्य सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिसूचना में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की ट्रांजिट लीव का लाभ नहीं मिलेगा। सभी अधिकारियों को तुरंत अपने नए पदस्थापन वाले स्थान पर योगदान देना होगा। वहीं संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अधिकारियों को बिना देरी के कार्यमुक्त (रिलीव) करें और एक सप्ताह के भीतर इसकी रिपोर्ट विभाग को भेजें।



