मिशन ‘नीट 2026’: CM की समीक्षा के बाद एक्शन में मुख्य सचिव – पुलिस महानिदेशक, कदाचार-मुक्त परीक्षा के लिए वायु सेना से लेकर पुलिस तक मुस्तैद

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 09 जून। बिहार सरकार आगामी 21 जून 2026 को होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को पूरी तरह कदाचार-मुक्त और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए हाई अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा पहले ही उच्च स्तरीय समीक्षा किए जाने के बाद अब मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने संयुक्त बैठक कर सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

सरकार ने इस परीक्षा के लिए “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी कीमत पर परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

सबसे खास बात यह है कि इस बार प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) की मदद ली जाएगी। डाक विभाग के समन्वय से एयरफोर्स के विशेष विमानों द्वारा प्रश्न-पत्रों को सीधे स्टेट हब तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न-पत्र केवल 2 से 3 घंटे के भीतर पहुंचा दिए जाएंगे। सरकार इसे परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव मान रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में कुल 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 1 लाख 56 हजार 61 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं। पटना में सबसे अधिक 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 46 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, सीवान और मोतिहारी सहित कई जिलों में भी बड़े स्तर पर तैयारी की गई है।

पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया है। पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति पेपर लीक का फर्जी दावा करता है, अफवाह फैलाता है या सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी वायरल करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल प्रिवेंटिव अरेस्ट की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से अफवाहों का तुरंत खंडन भी किया जाएगा।

राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। जिन संस्थानों का नाम पहले विवादों में आ चुका है, उन्हें IB और LIU की निगरानी में रखा जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एक पुलिस टीम लीडर की तैनाती अनिवार्य होगी। महिला परीक्षार्थियों की जांच केवल महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा बंद घेरे में की जाएगी।

सरकार ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कई विशेष इंतजाम भी किए हैं। NEET परीक्षा देने वाले छात्रों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी।

भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए शेड, पेयजल, सत्तू और ORS की व्यवस्था की जाएगी। हर केंद्र पर मेडिकल मोबाइल यूनिट भी तैनात रहेगी।

21 जून को ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी आयोजित होना है। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि योग दिवस और NEET परीक्षा के लिए अलग-अलग प्रशासनिक और पुलिस टीमें तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। बिहार सरकार का दावा है कि इस बार परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article