मंदार पर्वत कांड पर NCW की सख्ती, डीजीपी से समयबद्ध जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बांका: बिहार के बांका जिले के प्रसिद्ध मंदार पर्वत पर्यटन स्थल पर युवती से कथित छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न और मारपीट से जुड़े वायरल वीडियो ने पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का ध्यान खींचा है। मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो का संज्ञान लेते हुए NCW ने मामले में स्वतः कार्रवाई शुरू की है। आयोग ने बिहार के डीजीपी से समयबद्ध जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
NCW अध्यक्ष विजया राहटकर ने डीजीपी को पत्र भेजकर घटना में कथित रूप से शामिल सभी लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी तथा कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। आयोग ने वायरल वीडियो के आगे प्रसार को रोकने और युवती व उसके परिवार को आवश्यक सुरक्षा, चिकित्सा, कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है। NCW ने सात दिनों के भीतर Action Taken Report (ATR) मांगी है।
तीन युवक हिरासत में
बांका पुलिस के अनुसार, मामले में तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपने दो दोस्तों के साथ मंदार पर्वत घूमने गई थी। आरोप है कि युवकों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया और युवती के साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस के मुताबिक, युवती और उसके दोस्तों को जाने देने से पहले PhonePe के जरिए कथित तौर पर 1,500 रुपये ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया।
बांका एसपी अमितेश कुमार के अनुसार, वीडियो 22 सितंबर को बौंसी पुलिस के संज्ञान में आया। जांच के बाद वीडियो में दिख रहे स्थान की पहचान मंदार पर्वत के रूप में हुई और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस अब वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
NCW ने युवती के नाबालिग पाए जाने की स्थिति में POCSO Act के तहत कार्रवाई के साथ BNS और IT Act की लागू धाराओं में भी कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article