नीतीश कुमार से मिले नीरज कुमार, 5 अक्टूबर को भरेंगे नामांकन,पटना स्नातक सीट पर बढ़ी सियासी हलचल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मौजूदा विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। उन्हें NDA समर्थित प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा गया है।


शनिवार को नीरज कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार होने का प्रपत्र सौंपा गया। नीरज कुमार ने इसके लिए नीतीश कुमार और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। वह 5 अक्टूबर 2026 को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
अनंत सिंह के विरोध से बढ़ी सियासी हलचल
नीरज कुमार की उम्मीदवारी के साथ जदयू के अंदर का विवाद भी चर्चा में है। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध किया है। उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। 1 अक्टूबर को अनुज सिंह के नामांकन के दौरान भी अनंत सिंह उनके साथ नजर आए। दोनों का काफिला अनंत सिंह के आवास से खुली जीप में नामांकन के लिए निकला था।
मतभेद सुलझाने की जिम्मेदारी ललन सिंह को
जदयू नेतृत्व ने इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद ललन सिंह को दी है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के अनुसार, ललन सिंह अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बातचीत के जरिए मतभेद दूर करने का प्रयास करेंगे।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

Share This Article