नेपाली बाइक पर 31.250 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे, 12.5 लाख की खेप जब्त

Shreya Raj
जांच के दौरान बरामद बाइक और मौके पर मौजूद पुलिस टीम।

पश्चिम चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे इनरवा बाजार में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.250 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक नेपाली बाइक भी ज़प्त की। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 12.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, दो आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, इनरवा थाना पुलिस को गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इनरवा बाजार स्थित शिव मंदिर के पीछे निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि में शामिल दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्ज़े से कुल 31.250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक नेपाली नंबर की बाइक भी ज़प्त कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान मैनाटाड़ थाना क्षेत्र के बस्ठा गांव निवासी अदेया साह के 19 वर्षीय पुत्र साहेब कुमार तथा नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत महुवन गांव निवासी अजय साह के 20 वर्षीय पुत्र सौरभ साह के रूप में की है। पूछताछ के दौरान पुलिस दोनों आरोपियों से गांजे की खेप और उसके नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू

इनरवा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही इस तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

पश्चिम चम्पारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article