NEWS PR डेस्क, : पश्चिम चंपारण के रामनगर थाना क्षेत्र के खटौरी गांव में शुक्रवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान प्रियंका देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी इसी वर्ष अप्रैल में खटौरी गांव निवासी चंदन राम से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद से प्रियंका को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
मृतका के पिता पूर्णवासी राम का आरोप है कि गुरुवार रात उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह उसका शव घर के बेड पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यदि जांच में दहेज हत्या या किसी अन्य अपराध की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
