वाल्मीकि नगर में बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे पप्पू यादव, 12 लाख की आर्थिक मदद; गाइड बांध बनाने की उठी मांग,

Muskan Gupta


पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच मंगलवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों की स्थिति जानी और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उनके साथ वाल्मीकिनगर के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा भी मौजूद रहे। सांसद ने बाढ़ पीड़ितों के बीच करीब 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। स्थानीय स्तर पर इसे प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत के रूप में देखा गया।


विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए गाइड बांध निर्माण का मुद्दा संसद में उठाने का आश्वासन सांसद पप्पू यादव ने दिया है। विधायक ने सांसद के सहयोग के लिए उनका आभार जताया।


विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मोतिहारी और
,

बेतिया दौरे से पहले वाल्मीकिनगर का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन वाल्मीकिनगर हवाई अड्डे पर बाढ़ का पानी पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद दौरा स्थगित कर दिया गया। विधायक के अनुसार, जिलाधिकारी की रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया गया। पश्चिम चंपारण में मुख्यमंत्री के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे की तैयारियों की भी जानकारी सामने आई थी।


सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि वह लगातार प्रयास कर रहे हैं कि

मुख्यमंत्री वाल्मीकिनगर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति खुद देखें। उन्होंने सरकार से वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित घोषित करने और प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article