श्राद्ध का भोज खाने पहुंचे लोग आपस में भिड़े, भागलपुर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट; छह घायल, चार मायागंज रेफर

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : बिहार के भागलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां श्राद्ध का भोज खाने पहुंचे दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भोज के दौरान शुरू हुआ विवाद, मारपीट में छह लोग घायल

मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कोला नारायणपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव में श्राद्ध का भोज चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला बातचीत तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई।

इस घटना में पहले और दूसरे पक्ष के कुल छह लोग घायल हो गए। मारपीट के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

चार घायलों की हालत गंभीर, मायागंज अस्पताल रेफर

घायलों में पहले पक्ष के मुखिया भैरव यादव और इंदर यादव को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, पवन यादव का इलाज जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।

दूसरे पक्ष के विशाल यादव और जज्जन यादव को भी गंभीर चोटें आने के बाद मायागंज अस्पताल भेजा गया। जबकि नीतू यादव का इलाज जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। इस तरह दोनों पक्षों के चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

आवेदन मिलने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

घटना को लेकर जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस मामले की जांच करेगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

श्राद्ध के भोज के दौरान हुई इस मारपीट की घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article