NEWS PR डेस्क:कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पुल का नाम नीतीश सेतु रखा है। ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे बिहार और देश को समर्पित करेंगे। उन्होंने इस पुल को उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन बताया।
34 हजार करोड़ की 227 परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली जिले के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। इस दौरान नीतीश सेतु का लोकार्पण भी होगा। प्रधानमंत्री बस सेवा को हरी झंडी दिखाने के साथ राघोपुर में पुल का निरीक्षण भी करेंगे।
19.76 किलोमीटर लंबा है नीतीश सेतु
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का शिलान्यास अगस्त 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। इसकी कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर बना 9.76 किलोमीटर लंबा पुल और करीब 10 किलोमीटर का संपर्क पथ शामिल है।
पटना से वैशाली पहुंचना होगा आसान
यह पुल गांधी सेतु के समानांतर उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन का नया विकल्प बनेगा। इसके चालू होने से पटना और वैशाली के बीच यात्रा आसान होगी। दावा है कि पुल के रास्ते पटना से वैशाली की दूरी करीब 20 मिनट में तय की जा सकेगी। इसके अलावा वाहनों को पटना शहर के भीतर प्रवेश किए बिना उत्तर बिहार जाने की सुविधा मिलेगी। आमस-दरभंगा फोरलेन से जुड़ने के बाद इस पुल से व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
