NEWS PR डेस्क: गया : रोजगार सृजन और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत गया में प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के हरिदास सेमिनरी आर्ट गैलरी में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, कन्या विकास समिति के सचिव विकास माली तथा क्षेत्रीय आयुक्त कृष्ण कुमार राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार राय ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उद्देश्य देशभर में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना और युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन से लाभार्थियों और कर्मचारियों के खातों में प्रोत्साहन राशि सीधे हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि यह योजना रोजगार बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक होगी
वहीं, विधायक मनोरमा देवी ने कहा कि योजना की पहली किस्त जारी होने से युवाओं और संस्थानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल रोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक होगी। साथ ही नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन देने की व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
रोजगार के अवसरों से जुड़ने की अपील
कन्या विकास समिति के सचिव विकास माली ने कहा कि इस योजना के तहत कर्मचारियों और संस्थानों दोनों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने इसे शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए लाभकारी बताते हुए युवाओं से योजना का लाभ उठाने और रोजगार के अवसरों से जुड़ने की अपील की। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
