अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव में सब इंस्पेक्टर घायल

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: सासाराम, 07 जून। रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित शराब कारोबारियों और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया। पथराव की इस घटना में एक सब इंस्पेक्टर घायल हो गए, जबकि पुलिस ने बाद में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, संझौली थाना पुलिस को तिलई गांव स्थित मुसहर टोली में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम छापेमारी के लिए गांव पहुंची। पुलिस की मौजूदगी से इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और कई लोग इधर-उधर भागने लगे।

छापेमारी के दौरान पुलिस एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर अपने साथ ले जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ कथित शराब कारोबारियों और उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पथराव की इस घटना में सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए संझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस टीम को तत्काल वहां से लौटना पड़ा और स्थानीय विरोध को देखते हुए हिरासत में ली गई महिला को भी छोड़ दिया गया। हालांकि, घटना के कुछ समय बाद पुलिस ने दोबारा कार्रवाई करते हुए पुलिस कार्य में बाधा डालने और हमले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

संझौली थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तिलई गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article