NEWS PR डेस्क: सावन की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में हुए हादसे को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। भगदड़ की घटना में सात श्रद्धालुओं की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर प्रशासनिक कुव्यवस्था का आरोप लगाया है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने अशोक धाम हादसे पर दुख जताते हुए सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक कुव्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा और हादसा हुआ। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से उचित मुआवजा देने और घायलों के बेहतर एवं त्वरित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
भगदड़ के बाद मची अफरा-तफरी
अशोक धाम में सावन की सोमवारी के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और भगदड़ मच गई। रिपोर्टों के मुताबिक, अशोक धाम हॉल्ट पर दो ट्रेनों के पहुंचने के बाद भीड़ अचानक बढ़ गई थी। बिजली के पोल से जुड़ी अफवाह फैलने के बाद श्रद्धालुओं में दहशत पैदा हुई और स्थिति बिगड़ गई। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
CM सम्राट चौधरी ने जताया दुख
वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अशोक धाम हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है।