NEWS PR डेस्क: भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले के मद्देनजर शुक्रवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार ही नहीं, बल्कि देश और विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। हर वर्ष लाखों शिवभक्त सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक कांवर यात्रा करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग स्वयं बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही है। प्रशासन की ओर से मेले को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए
उन्होंने कहा कि कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। चिकित्सा शिविर, नियंत्रण कक्ष, आपातकालीन सेवाएं और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक बेहतर और सुगम सुविधाएं ..
प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में अधिक बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मेले के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। श्रावणी मेले को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाएगी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
