‘हर घर तिरंगा’ को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी, मंत्री नीतीश मिश्रा ने मांगी व्यापक भागीदारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्रीय अभियान के तहत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। नीतीश मिश्रा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला एक प्रभावी राष्ट्रीय अभियान बन गया है। ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और सुदृढ़ करेगा।मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर बाइक, साइकिल एवं कार तिरंगा रैली, ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही, डिजिटल माध्यमों के जरिए भी आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें।मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर इस राष्ट्रीय अभियान में डिजिटल रूप से सहभागिता कर सकते हैं तथा सहभागिता प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने नगर निकायों को निर्देश दिया कि नागरिकों को इस प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें डिजिटल सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया जाए।नीतीश मिश्रा ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए आवश्यक संख्या में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आम नागरिकों को निःशुल्क राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया जाए। राष्ट्रीय ध्वज जीविका से क्रय किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजार समितियों एवं नागरिक समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बिहार के क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी नगर निकायों से अभियान को उत्साहपूर्वक एवं प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए इसे व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने का आह्वान किया

Share This Article