पत्रकार पर हमले के विरोध में सुपौल में आक्रोश मार्च, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Shreya Raj
सहरसा में पत्रकार के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में सुपौल पत्रकार संघ का आक्रोश मार्च, पत्रकारों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

NEWS PRडेस्क:सुपौल में गुरुवार को पत्रकारों ने सहरसा सदर अस्पताल में समाचार संकलन के दौरान पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ हुई कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला। सुपौल पत्रकार संघ के बैनर तले आयोजित इस मार्च में जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया।

सहरसा अस्पताल की घटना पर पत्रकारों में आक्रोश

आक्रोश मार्च की शुरुआत सुपौल मुख्यालय स्थित महावीर चौक से हुई। हाथों में तख्तियां लेकर और घटना के विरोध में नारे लगाते हुए पत्रकार शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इसके बाद मार्च पुनः महावीर चौक पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया।

मार्च में शामिल पत्रकारों ने सहरसा सदर अस्पताल की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकार के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकार समाज की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में उनके साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

पत्रकार संघ के सदस्यों ने घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी चिकित्सक और संबंधित कर्मियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए साथ ही, जांच पूरी होने तक आरोपी चिकित्सक को संबंधित जिम्मेदारी से हटाने की मांग भी उठाई गई।

कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

पत्रकारों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो सुपौल पत्रकार संघ के बैनर तले चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। पत्रकारों ने कहा कि इस स्थिति के लिए संबंधित प्रशासन जिम्मेदार होगा।

मार्च के दौरान पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महावीर चौक पर मार्च समाप्त होने के बाद पत्रकारों ने आगे की रणनीति पर भी चर्चा की। इस दौरान सहरसा सदर अस्पताल की घटना को लेकर पत्रकारों में स्पष्ट नाराजगी देखने को मिली। कार्यक्रम में पत्रकार मोहम्मद नजीर आलम, पूर्व हिंदुस्तान प्रभारी विनय मिश्रा, विजय कुमार गुप्ता और अरमान सिंह सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

सुपौल से रिपोर्टर: अल्ताफ़ राजा

Share This Article