NEWS PR डेस्क: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। टीवी और ओटीटी पर प्रसारित हो रहे शो ‘भोजपुरी बवाल’ के अपकमिंग एपिसोड में राधे मां बतौर गेस्ट नजर आएंगी। शो का प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि प्रोमो में राधे मां पवन सिंह की शादी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी करती दिखाई दे रही हैं।

राधे मां ने पवन सिंह की शादी को लेकर क्या कहा?
प्रोमो में भारती सिंह शो को होस्ट करती नजर आ रही हैं। इस दौरान वह राधे मां से पवन सिंह की शादी और जीवनसाथी को लेकर सवाल करती हैं। भारती कहती हैं कि पवन सिंह को अच्छा जीवनसाथी मिले, क्योंकि रिश्तों के मामले में वह कई बार धोखा खा चुके हैं।
इसके बाद राधे मां पवन सिंह को अपने पास बुलाती हैं और उनका माथा पढ़ती हुई नजर आती हैं। राधे मां कहती हैं कि पवन सिंह का दिल बहुत साफ है और 45 साल की उम्र में उन्हें एक बेहद अच्छी और प्यार करने वाली पत्नी मिलेगी। राधे मां की यह बात सुनकर शो में मौजूद सितारे भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया देते दिखाई देते हैं।
आम्रपाली दुबे उंगलियों पर हिसाब लगाती नजर आ….
राधे मां की यह बात सुनकर आम्रपाली दुबे उंगलियों पर हिसाब लगाती नजर आती हैं, जबकि भारती सिंह खुशी जाहिर करती हैं। इसके बाद निरहुआ भी डांस करते दिखाई देते हैं। पूरा माहौल मजेदार हो जाता है और पवन सिंह मुस्कुराते हुए नजर आते हैं। बता दें कि ये प्रोमो फिलहाल खूब वायरल हो रहा है।
पवन सिंह ने खोली पुरानी लव लाइफ की बात
इतना ही नहीं ‘भोजपुरी बवाल’ में पवन सिंह ने अपनी पुरानी लव लाइफ को लेकर भी ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को चौंका दिया। जन्नत जुबैर के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि किसी खास शख्स से अपने प्यार का इजहार करने में उन्हें करीब डेढ़ साल लग गए थे। पवन ने कहा, ‘मुझे ‘आई लव यू’ कहने में कम से कम डेढ़ साल लग गए, और हैरानी की बात यह है कि बाद में वह प्यार खत्म हो गया।’
उन्होंने आगे कहा कि आखिर में, वह उस इंसान के साथ नहीं रह पाए जिसे वह बेहद शिद्दत से चाहते थे हालांकि पवन सिंह ने उस महिला का नाम नहीं बताया, लेकिन उनके इस खुलासे ने शो में मौजूद लोगों के साथ-साथ दर्शकों की भी उत्सुकता बढ़ा दी।
बता दें कि अब ‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो में राधे मां की पवन सिंह की शादी को लेकर कही गई बात के बाद पवन सिंह की पर्सनल लाइफ एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। शो का पूरा एपिसोड प्रसारित होने के बाद ही साफ होगा कि इस बातचीत में पवन सिंह अपनी जिंदगी से जुड़ी और कौन-कौन सी बातें साझा करते हैं।