NEWS PR डेस्क: पटना/छपरा, 20 जून 2026। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि रेल, उद्योग, आधुनिक आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे व्यापक निवेश से बिहार का भविष्य बदलने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेलवे, सड़क, एयरपोर्ट, औद्योगिक परियोजनाओं और टाउनशिप विकास के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
शुक्रवार को छपरा जंक्शन पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संयुक्त रूप से छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस का शुभारंभ तथा दोहरीघाट-औड़िहार ट्रेन सेवा का वाराणसी तक विस्तार भी किया गया।
छपरा के लिए ऐतिहासिक दिन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि छपरा के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को धरातल पर उतारने का कार्य कर रहे हैं। नई रेल सेवाओं से बिहार और उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा दोनों राज्यों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार में रेलवे के विकास के लिए अभूतपूर्व निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाएं संचालित हैं और केंद्र सरकार हर वर्ष बिहार को रेलवे बजट के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध करा रही है।
38 में से 36 जिले रेल नेटवर्क से जुड़े
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 38 जिलों में से 36 जिले रेलवे कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विभिन्न रेल मंत्रियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि बिहार में रेल नेटवर्क को लगातार मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण के तहत नेटवर्क को पूर्णतः आईटी आधारित और ऑटोमेटिक बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता में सुधार किया जा रहा है तथा छपरा से कटिहार तक दूसरे ट्रैक को और विस्तारित करने का कार्य भी शुरू किया जा चुका है।
सारण में बनेंगे दो आधुनिक टाउनशिप और दो एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिहार में प्रस्तावित 11 टाउनशिप परियोजनाओं में सारण जिला विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां दो बड़े आधुनिक टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सारण में दो एयरपोर्ट परियोजनाओं पर भी काम शुरू किया जा रहा है, जिनमें एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
ड्राई पोर्ट से आएगा 20 से 40 हजार करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ड्राई पोर्ट स्थापित करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि यदि छपरा क्षेत्र में ड्राई पोर्ट का निर्माण होता है तो वहां 20 हजार करोड़ से 40 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश आकर्षित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि यह नया बिहार है, जहां सड़क और रेल कनेक्टिविटी तेजी से विकसित हो रही है। पहले पटना से छपरा पहुंचने में चार से पांच घंटे लगते थे, जबकि अब यह दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय हो रही है। रेलवे कनेक्टिविटी और मजबूत होने पर यह समय और घटकर लगभग एक घंटे रह जाएगा।
मढ़ौरा लोको प्लांट को आगे बढ़ाने की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत मढ़ौरा की धरती पर रेल इंजन निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि लोकोमोटिव निर्माण परियोजना की अवधि समाप्त होने के बाद इसे अगले 20 वर्षों तक बढ़ाया जाए, ताकि बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को निरंतर गति मिलती रहे।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमी स्थित प्रसिद्ध भवानी मंदिर और आसपास के क्षेत्र का व्यापक विकास किया जाएगा, जिससे यह स्थान अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त कर सके। उन्होंने घोषणा की कि आमी से विदुपुर तक मां अंबिका गंगापथ का निर्माण किया जाएगा, जिसे मरीन ड्राइव की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा सोनपुर से गोपालगंज तक बनने वाले नए सड़क मार्ग का नाम भगवान नारायणी पथ रखा जाएगा। वहीं गंगा के पार बक्सर क्षेत्र में विकसित होने वाले एक्सप्रेस-वे का नाम भगवान विश्वामित्र पथ होगा।
गिनी के लिए रवाना हुआ 51वां रेल इंजन
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद राजीव प्रताप रूडी और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मढ़ौरा लोको प्लांट पहुंचकर अफ्रीकी देश गिनी गणराज्य को निर्यात किए जाने वाले 51वें रेल इंजन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मढ़ौरा लोको प्लांट से विदेशों को रेल इंजन का निर्यात बिहार की बढ़ती औद्योगिक क्षमता और वैश्विक स्तर पर उसकी मजबूत पहचान का प्रतीक है। इसके बाद उन्होंने रेल फैक्ट्री का निरीक्षण भी किया।
रेल मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी तथा महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने रेलवे विस्तार, क्षेत्रीय विकास और औद्योगिक प्रगति में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों की चर्चा की।
इस अवसर पर स्थानीय सांसद, विधायक, विधान पार्षद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। वहीं मऊ जंक्शन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी कार्यक्रम से जुड़े।
छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस के शुभारंभ, नई रेल सेवाओं के विस्तार, सारण में टाउनशिप और एयरपोर्ट विकास की घोषणाओं तथा मढ़ौरा से गिनी के लिए 51वें रेल इंजन के निर्यात ने बिहार के विकास अभियान को नई गति दी है। राज्य सरकार का मानना है कि रेलवे, उद्योग, आधुनिक आधारभूत संरचना और निवेश आधारित विकास मॉडल बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।
