NEWS PR डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे मौसम तंत्र का असर अब बिहार के मौसम पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं और कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर जारी है।। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं, कैमूर (भभुआ), गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
16 जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान पटना समेत 16 जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले दो दिनों तक छिटपुट से लेकर भारी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में कैमूर (भभुआ), गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं।
पटना में 48 घंटे में 40.1 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खगड़िया में 74 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो प्रमुख वर्षा आंकड़ों में सबसे अधिक रही। पटना जिले के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई:- घोसवरी: 62.8 मिमी,खुसरूपुर: 52.4 मिमी,धनरुआ: 46.4 मिमी,मोकामा: 45.6 मिमी,बख्तियारपुर: 43.4 मिमी,फतुहा: 42.8 मिमी,।पटना में गुरुवार को 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे 48 घंटे के दौरान राजधानी में कुल बारिश 40.1 मिमी तक पहुंच गई।
बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट
लगातार बारिश का असर बिहार के तापमान पर भी पड़ा है। पटना के अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा।वहीं, 32.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 14 वर्षों के दौरान गुरुवार को पटना में सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। तापमान गिरने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
30 सितंबर तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। देश के कई राज्यों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, जबकि बिहार से मानसून की विदाई अक्टूबर के मध्य तक होने की संभावना जताई गई है। यदि प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लंबे समय तक बनी रहती हैं, तो मानसून की विदाई में देरी हो सकती है। इसका असर मौसम के आगे के बदलाव पर भी पड़ सकता है।
बिहार में बारिश ने बढ़ाई रफ्तार,पटना का तापमान 7 डिग्री गिरा,मौसम विभाग का अलर्ट