पटना में जाम से मिलेगी राहत! 33 जगहों पर बनेंगे स्थायी ट्रैफिक पोस्ट, पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना में ट्रैफिक जाम और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहर के 33 प्रमुख और व्यस्त स्थानों पर अब स्थायी ट्रैफिक पोस्ट बनाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। इन पोस्ट पर ट्रैफिक पदाधिकारियों के साथ पुलिस जवानों की नियमित तैनाती की जाएगी।
स्थायी ट्रैफिक पोस्ट बनने से प्रमुख चौराहों, व्यस्त सड़कों और जाम वाले इलाकों में यातायात की निगरानी और नियंत्रण को मजबूत किया जा सकेगा। साथ ही सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
10 ट्रैफिक पोस्ट में होंगी विशेष सुविधाएं
33 स्थायी ट्रैफिक पोस्ट में से 10 को सुविधाजनक ट्रैफिक पोस्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के बैठने की व्यवस्था के साथ पेयजल और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इन 10 स्थानों पर बनेंगे सुविधाजनक ट्रैफिक पोस्ट:
आरएन सिंह मोड़ के दक्षिण,पटेल गोलंबर,करबिगहिया स्टेशन,रूपसपुर पुल के नीचे,दानापुर स्टेशन,अदालतगंज जाने वाले रास्ते के पास इस्कॉन मंदिर,जगजीवन गोलंबर,पटना जू गेट नंबर-1,करबिगहिया बाध मोड़ गोलंबर,राजीव नगर आरओबी के नीचे बनाए जाएंगे।
इन 23 जगहों पर भी बनेंगे स्थायी ट्रैफिक पोस्ट
बाकी 23 स्थानों पर बनने वाले ट्रैफिक पोस्ट में पुलिसकर्मियों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां तैनात जवान जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेंगे। इनमें भिखारी ठाकुर आरओबी के नीचे, पंचरूपी हनुमान मंदिर बेली रोड, जगनपुरा मोड़, 70 फीट, कृष्णा घाट अशोक राजपथ, मखनिया कुआं दक्षिणी, महादेव स्थान बाइपास मोड़, पैजावा मोड़, बैरिया बस स्टैंड, संपतचक और गांधी सेतु के पिलर नंबर 46 शामिल हैं।
इसके अलावा बेलदारीचक, राजेंद्र नगर पुल के नीचे दक्षिणी हिस्सा, सिपारा पुल के नीचे, पटना जंक्शन के समीप पिलर नंबर 3-4, कुम्हरार गुमटी, जमाल रोड, परेव चेक पोस्ट, अमराहा, सरमेरा मोड़, मीठापुर सब्जी मंडी और रामजीचक-दीघा पुल के नीचे भी ट्रैफिक पोस्ट बनाए जाएंगे।
जाम और पार्किंग पर रहेगी सीधी निगरानी
स्थायी ट्रैफिक पोस्ट के जरिए शहर के संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी। इससे यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों और जाम की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच 33 स्थानों पर स्थायी ट्रैफिक पोस्ट की व्यवस्था से यातायात प्रबंधन को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article