भागलपुर के नवगछिया प्रखंड अंतर्गत कदवा स्थित बाबा विशु राउत सेतु पहुंच पथ पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मिलन चौक के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढे की वजह से एक सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ऑटो पर सवार छह लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मधेपुरा जिले के बरेली बाजार के निवासी हैं और महादेवपुर घाट से गंगाजल लेकर सिंहेश्वर धाम में जलाभिषेक करने जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, एक को भागलपुर रेफर
हादसे में घायल होने वालों में जोगेंद्र महतो के बेटे सरोज कुमार, उनकी पत्नी चंदन कुमारी, बेटी सोनाक्षी कुमारी, दुखन महतो की पत्नी सुनीता देवी, जोगेंद्र महतो के बेटे विनोद कुमार सहित कुल छह कांवरिया शामिल हैं। स्थानीय लोगों और कदवा थाना पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सरोज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।
गड्ढे में चढ़ा पहिया, चालक ने खोया नियंत्रण
घायलों ने बताया कि कदवा के मिलन चौक के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में ऑटो का पहिया चला गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीएनजी ऑटो सड़क पर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि ऑटो में सवार श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला और सभी घायल हो गए।
जर्जर सड़क पर लोगों का फूटा गुस्सा
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसें न हो और आम लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह