NEWS PR डेस्क : बिहार के वैशाली जिले के महनार से एक शर्मनाक घटना का वीडियो सामने आया है। यहां तैनात बीडीओ की सरकारी गाड़ी और एक युवक की कार के बीच मामूली टक्कर हो गई, जिसके बाद अधिकारी ने सड़क पर ही युवक को पीटना शुरू कर दिया। घटना में युवक हाथ जोड़कर और पैर पकड़कर मदद मांगते रहे, लेकिन बीडीओ ने उन्हें रोकने की बजाय मारपीट जारी रखी।
बिहार में प्रशासनिक अधिकारियों की बदसलूकी का एक और वीडियो सामने आया है। वैशाली जिले के महनार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें एक प्रखंड विकास अधिकारी (BDO) पर युवक को सड़क पर थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। विवाद की शुरुआत बहुत मामूली थी—युवक की कार बीडीओ की सरकारी गाड़ी से हल्की सी टकरा गई थी।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बीडीओ गाड़ी से उतरकर सीधे युवक पर गुस्से में टूट पड़े। सड़क पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन अधिकारी का रौब कम नहीं हुआ। युवक गलती न होने के बावजूद पैरों में गिरकर माफी मांगता है, कांपती आवाज में छोड़ने की गुहार लगाता है, लेकिन अधिकारी लगातार उसे हड़काते रहे और सार्वजनिक रूप से अपमानित करते रहे। इस घटना ने बिहार में प्रशासनिक अधिकारियों की सत्ता के अतिरेक और नागरिकों पर उनके दबंग रवैये को फिर से उजागर कर दिया है।