भागलपुर में युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। जमुई, समस्तीपुर, बांका और किशनगंज में युवतियों से छेड़खानी से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद भागलपुर पुलिस भी अलर्ट हो गई है। शहर के पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा रही है।
पार्कों में पहुंच रही पुलिस दीदी
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और युवतियों से सीधे संवाद करने के लिए पुलिस दीदी पार्कों में पहुंच रही हैं। यहां आने वाली युवतियों और अन्य लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस दीदी महिलाओं और युवतियों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल शिकायत करने के लिए जागरूक कर रही हैं।
परेशानी होने पर 112 पर करें कॉल
पुलिस की ओर से लोगों को बताया जा रहा है कि अगर पार्क या किसी सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी, अभद्र व्यवहार या किसी अन्य तरह की परेशानी का सामना करना पड़े तो तुरंत 112 नंबर पर कॉल करें। इसके अलावा मौके पर मौजूद पुलिस दीदी को भी अपनी शिकायत बताई जा सकती है।
युवतियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की कोशिश
पार्क में घूमने आए लोगों ने पुलिस की इस पहल को सकारात्मक बताया। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी से युवतियों और महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा। साथ ही असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखने में मदद मिलेगी।
भागलपुर पुलिस का यह अभियान सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
भागलपूर से श्यामानंद सिंह रिपोर्ट ;-