NEWS PR डेस्क: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मेहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) पर दो ट्रकों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में चल रहा है।

झपकी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोतिहारी की ओर से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक को वाहन चलाने के दौरान झपकी आ गई, जिसके कारण ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
पंजाब निवासी चालक की मौत
हादसे में मृतक चालक की पहचान राजा सिंह, निवासी पंजाब, के रूप में हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश और पंजाब के रहने वाले तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मेहसी थानाध्यक्ष शानू गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पहले नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार रवि ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया जा सका।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
